बैंक आँफ बड़ौदा, शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय शाखा के खाताधारकों का ठगी काण्ड

बैंक आँफ बड़ौदा, शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय शाखा के खाताधारकों का ठगी काण्ड

लखनऊ। बैंक आफ बड़ौदा की शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय शाखा में बैंक मित्र शिवा राव ने एक नहीं करीब तीन करोड़ रुपये की हेराफेरी की है. पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आए हैं. अब तक 67 लोगों ने एफआइआर दर्ज कराई है. आरोपित बैंक मित्र शिवा राव और उसके साथियों ने खाताधारकों के पैसे निकालकर जमीनें खरीदी हैं. पुलिस अब राजस्व विभाग से शिवा और दूसरे लोगों द्वारा खरीदी गई जमीनों के अभिलेख जुटा रही है.
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह का कहना है कई खाताधारक ऐसे भी हैं, जिन्होंने बैंक मित्र शिवा राव को पैसा जमा करने के लिए दिया था, लेकिन उनका पैसा जमा नहीं हुआ है और न ही उनके पास इस बारे में कोई साक्ष्य हैं. अब तक की जांच में बैंक मित्र शिवा राव और उसके साथी दीपक के कई प्लाट खरीदे जाने की जानकारी मिली है.
पुलिस सूत्र बताते है कि दोनों आरोपियों के परिवारीजन से भी पूछताछ की जा रही है कि संपत्तियां कब, कैसे और किसके नाम पर खरीदी गई. राम सिंह यादव, फूलचंद्र यादव, गोमती यादव, पूनम, अर्पित यादव, सुषमा गौतम, गुड़िया, विक्रम सिंह, सहित 67 लोगों ने बैंक मित्र व 2020 से बैंक में कार्यरत अज्ञात अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ रुपये हड़पने का मामला दर्ज कराया है।
पीड़ितों की गाढ़ी कमाई कब मिलेगी कोई बताने वाला नहीं है. खाताधारक पैसे मिलने की आस में बैंक कार्यालय से लेकर थाना और जनप्रतिनिधियों के दफ्तर तक के चक्कर काट रहे हैं. रंजना राजपूत ने बताया कि उनकी दो लाख रुपये की एफडी से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए, अंजली गौतम के तीन लाख, विशाल वर्मा के सवा दो लाख, अमिता राजपूत के दो लाख, रामकुमार वर्मा की छह लाख रुपये खाते से गायब कर दिए गए. इनके अलावा विशाल वर्मा, सुमन रावत, अर्पित यादव, नूर जहां, जयेश्री, सुषमा, पिंकू, सानिया गुप्ता, सुमन यादव, रुचि गौतम समेत कई अन्य खाताधारकों ने भी रकम हड़पे जाने का आरोप लगाया है।