महाभारत थीम पर बनेगा पांडव पार्क

महाभारत थीम पर बनेगा पांडव पार्क

-अर्जुनगंज को सांस्कृति एवं पर्यटन केन्द्र की सौगात
-लाइट एंड साउंड शो से जीवंत होगी महाभारत
-पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं

लखनऊ। राजधानी लखनऊ को जल्द ही एक नया सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र मिलने जा रहा है। अर्जुनगंज के पास अहिमामऊ क्षेत्र में 5 एकड़ भूमि पर महाभारत थीम आधारित देश का पहला पांडव पार्क बनाया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 5 करोड़ रुपये की धनराशि भी मंजूर कर दी गई है।
पांच पांडवों संग श्रीकृष्ण और कर्ण की मूर्तियां लगेंगी। इस पार्क की सबसे बड़ी खासियत महाभारत के प्रमुख पात्रों की भव्य मूर्तियां होंगी। यहां श्रीकृष्ण, अर्जुन, भीम, युधिष्ठिर, नकुल और सहदेव की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही दानवीर कर्ण की मूर्ति भी लगाई जाएगी, जिससे महाभारत के विभिन्न पक्षों को संतुलित रूप में प्रस्तुत किया जा सके।
पांडव पार्क की विशेषता यह रहेगी कि पार्क को केवल हरियाली और मूर्तियों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। पार्क में जगह-जगह छोटे-छोटे म्यूजिक सिस्टम लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से कुरुक्षेत्र में श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए गीता के उपदेश सुरीली धुनों के साथ सुनाई देंगे। जिससे घूमने आने वाले लोग आध्यात्मिक शांति और ज्ञान का अनुभव कर सकेंगे और पार्क में लाइट एंड साउंड शो की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। इस शो के जरिए दर्शकों को महाभारत की संपूर्ण कथा, उसके प्रमुख प्रसंग और संदेश रोचक दृश्य-श्रव्य माध्यम से सुनने और देखने को मिलेंगे। इसके अलावा महाभारत से जुड़े चित्रो का दृश्यांकन भी प्रदर्शित होगा।
पांडव पार्क को परिवारों और पर्यटकों के अनुकूल बनाने के लिए बेहतरीन पार्किंग, स्वच्छ शौचालय, पेयजल और बैठने की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। हरियाली और सैर-सपाटे के लिए खुले स्थान पार्क को आकर्षक बनाएंगे।
‘‘पांडव पार्क के निर्माण कराने मंजूरी दे दी गई है। अहिमामऊ में एलडीए की रिक्त जमीन पर जल्द ही इसका निर्माण होगा। इसके बनने से लखनऊ को एक नया धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान स्थल भी मिलेगा, जो आने वाले समय में पर्यटन का केंद्र बनेगा।’’ - प्रथमेश कुमार, उपाध्यक्ष, एलडीए, लखनऊ